चैत्र नवरात्रि मात्र एक पर्व ही नहीं है, वरन् धर्म, संस्कृति, समाजिकता और विज्ञान का एक अमिट संगम है। चैत्र नवरात्रि के परिप्रेक्ष्य में अनेक मिथक जनश्रुतियां और मत है। सर्वाधिक प्रचलित मत दावन महिषासुर से जुड़ा हुआ है।
महिषासुर कौन था ?
दानव महिषासुर ऋषि कश्यप का पोता था और दानवराज रंभ का पुत्र था। महिषासुर का आधा शरीर भैंस का और आधा शरीर दानव का था। महिषासुर ने ब्रम्हा जी की घौर तपस्या कर उनसे अमरता का वरदान प्राप्त किया था। महिषासुर ने देवताओं को पराजित कर स्वर्ग पर अपना अधिपत्य कायम कर लिया था। उसके अत्याचार से सभी लोकों में हा-हा कार मच गया था।
दैत्य, राक्षस और दानव में क्या अंतर है ?
महिषासुर एक दानव था, दानव अपना आकार और रुप अपनी इच्छानुसार बदल सकते है। बलि, दैत्यराज थे और ये दैत्यों की श्रेणी में आते थे। रावण, राक्षस था। राक्षस, दानव और दैव्य तीनों अलग-अलग है। इनमें दानव सबसे अत्याचारी माने जाते हैं।
नवरात्रि का शुभारंभ और आदिशक्ति
महिषासुर से अत्याचार से सभी देवता अत्यंत भयभीत तथा दुःखी हो गये थे। सभी देवता, भगवान ब्रम्हा विष्णु और महेश की शरण में गये और अपनी व्यथा बतायी। तब भगवान ब्रम्हा, विष्णु, महेश के क्रोध से ज्योति निकली, जिससे आदिशक्ति का रुप लिया, उस आदिशक्ति को ब्रम्हा, विष्णु, महेश सहित सभी देवताओं ने अपने अस्त्र-शस्त्र प्रदान किये। मां आदिशक्ति ने नौ दिनों तक अलग-अलग रुपों में महिषासुर से घोर युद्ध किया। पहला दिन शैलपुत्री, दूसरे दिन ब्रम्हचारिणी, तीसरे दिन चंद्रघंटा, चौथे दिन कुष्मांडा, पांचवे दिन स्कंदमाता, छठवें दिन कत्यायनी, सातवें दिन कालरात्रि, आठवें दिन महागौरी, नौवें दिन सिद्धदात्री का रुप लेकर घोर युद्ध करते हुवे, दसवें दिन दानव महिषासुर का वध कर दिया, इस तरह नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ।
नवरात्रि और किष्किधां
नवरात्रि शुभारंभ की एक और कथा है कि किष्किधा के समीप कृष्यमूस पर्वत पर चढ़ाई करते समय भगवान राम ने नौ दिनों तक बिना अन्न-जल ग्रहण किये मॉ दुर्गा की उपासना की थी। उसी के फल के कारण भगवान राम ने रावण पर विजय पाई थी। अनेक लोगों का मत है कि तभी से नवरात्रि का पर्व प्रारंभ हुआ है।
नवरात्रि और पिठक व शुन्ती
नवरात्रि के परिप्रेक्ष्य में एक कथा और आती है कि वृहस्पति जी ने ब्रम्हा से नवरात्रि शुभारंभ के बारे में पूछा तो ब्रम्हाजी ने बताया कि पिठत नाम का एक ब्राम्हण था, जो भगवान का बहुत बड़ा भक्त था। उसने अपनी पुत्री शुन्ती को श्राप दिया था,श्राप के कारण शुन्ती का पति कुष्ठ रोग से पीड़ित पति मिला था, शुन्ती ने नौ दिन तक मॉ दुर्गा की बिना अन्न-जल ग्रहण किये घोर तपस्या की, मॉ दुर्गा प्रकट हुई और शुन्ती से वरदान मांगने को कहा तो शुन्ती ने कहा मॉ मेरा पति कुष्ठ रोग से मुक्त हो जाये। मॉ दुर्गा ने कहा कि तुम नौ दिनों में से एक दिन का पुण्य दान कर दो, तो तुम्हारा पति कुष्ठ रोग से मुक्त हो जायेगा, शुन्ती ने नौ दिनों में से एक दिन का पुण्य दान कर दिया तो उसका पति कुष्ठ मुक्त हो गया। जब एक के पुण्य का इतना महत्व है तो नौ दिनों के पुण्य का कितना महत्व होगा।
नवरात्रि, मॉ शाकाम्बरी और जौ (जवारा)
दुर्गा सप्तशदी के ग्यारहवें अध्याय में मॉ शाकाम्बरी की कथा है, कथा के अनुसार सौ साल के घोर अकाल के बाद पृथ्वी में एक भी अन्न नहीं बचा। समस्त पृथ्वी बंजर हो गयी। मनुष्य अन्न के बिना मरने लगे, तब मां शाकाम्बरी ने अपनी काया से शाक (अन्न) को उत्पन्न किया, वह पहला शाक (अन्न) जौ था। इसीलिये नवरात्रि में जौ को अंकुरित कर जवारा बोने का प्रचलन है। मन्यता है कि ‘‘जौ’’ पृथ्वी में उगने वाला सबसे पहला अन्न है, जो मॉ शाकाम्बरी की काया से उत्पन्न हुआ है।
नवरात्रि का वैज्ञानिक पक्षचैत्र नवरात्रि की मीमांसा
चैत नवरात्रि के समय शीत ऋतु समाप्त होती है, वसंत और ग्रीष्म ऋतु का आगमन होता है। ऋतुओं का संधिकाल, संक्रमण काल होता है, इस समय रोग और बीमारियां अत्यधिक प्रभावी होती है। रोगाणुओं का प्रभाव बढ़ जाता है। इस समय उपवास, व्रत तथा स्वच्छता, मनुष्य को शारीरिक तथा मानसिक सम्बलता प्रदान करती है, जिससे मनुष्य की बैक्टीरिया, वायरस से लड़ने की क्षमता बढ़ती है, आदमी की रोग-प्रतिरोधक क्षमता (एम्यूनिटी) में वृद्धि होती है।
साल में दो बार नवरात्रि आती है। नौ दिन के उपवास तथा मानसिक व्रत से मनुष्य के शरीर की ओव्हरहालिंग हो जाती है, और व्यक्ति नई उर्जा के साथ कार्य करता है। आज विज्ञान भी उपवास के महत्व को स्वीकार कर रहा है।
नवरात्रि का सामाजिक पक्ष
मॉ के महत्व नारी शक्ति की प्रतीत है नवरात्रि। जब महिषासुर से सभी देवता हार गये थे, तब सभी देवों को मॉ का स्मरण हुआ। समस्त पुरुष समाज के थक जाने के बाद एक नारी ने अस्त्र-शस्त्र उठाये और महिषासुर का वध किया। नारी शक्ति का यही दर्शन नवरात्रि मे समाहित है।
नवरात्रि ही क्यों, नव दिवस क्यों नहीं, रात्रि की मीमांसा-
इस महत्वपूर्ण पर्व का नाम नवरात्रि क्यों पड़ा नव दिवस क्यों नहीं पड़ा, इस पर भी चिंतन आवश्यक है। रात्रि का अपना महत्व है। दीपावली हो, होलिका दहन हो, या शिवरात्रि, सभी रात में ही मनायें जाते है, इसका कारण है कि ऋषि, मुनियों ने दिन से अधिक रात्रि को महत्व दिया है। रात्रि में कोलहल नहीं होता, शांति रहती है, एकाग्रता अधिक रहती है। मॉ आदिशक्ति और महिषासुर के बीच युद्ध रात दिन अनवरत रुप से नौ दिन चला था, दिन की अपेक्षा रात्रि के समय, यह युद्ध और भयंकर हो जाता था। इसलिये भी यह पर्व नव दिवस नहीं, नवरात्रि के रुप में मनाया जाता है।